आईपीएस नीना सिंह बनीं CISF की पहली महिला चीफ ।

1 min read

नई दिल्ली ।

आईपीएस अधिकारी नीना सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की चीफ बनाया गया है। वे देश की पहली महिला हैं, जो CISF की चीफ बनी हैं। CISF के पास पूरे देश में हवाई अड्डों, दिल्ली मेट्रो, सरकारी भवनों और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीना सिंह को मणिपुर-कैडर अधिकारी के रूप में भारतीय पुलिस सेवा में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में वह राजस्थान कैडर में चली गईं। वर्ष 1989 बैच की आईपीएस अधिकारी नीना सिंह इस 31 अगस्त को शीलवर्धन सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद से CISF महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही हैं। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 31 जुलाई, 2024 तक यानी सेवानिवृत्ति तक, CISF के महानिदेशक के रूप में नीना सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दी है।

दरअसल, नीना सिंह राजस्थान कैडर में आवंटित पहली महिला आईपीएस अधिकारी थीं। उन्होंने 2013-18 के दौरान सीबीआई में संयुक्त निदेशक के रूप में भी काम किया, जहां उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रभाव वाले कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की। वे 2021 से CISF में काम कर रही हैं।आईपीएस नीना सिंह बिहार की मूल निवासी हैं। उन्होंने पटना महिला कॉलेज, जेएनयू और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से पढ़ाई की। उनके पति रोहित कुमार सिंह वर्तमान में केंद्र सरकार में उपभोक्ता मामलों के सचिव के पद पर तैनात हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2023 Rashtriya Hindi News. All Right Reserved. | Newsphere by AF themes.