सर्द हवाओं से ठिठुरा UP, दो दिन बारिश का अलर्ट:आगरा सबसे ठंडा; गोरखपुर-बरेली में छाया कोहरा
1 min read
हिमालय से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में पारा गिरा दिया है। दिन में धूप के चलते मौसम ठीक बना है, लेकिन सूरज ढलते ही पारा तेजी से नीचे गिर गया। बीते 24 घंटे में प्रदेश में आगरा सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 5.2°C दर्ज किया गया। रविवार सुबह 10 बजे आगरा में बूंदाबांदी शुरू हो गई। बस्ती 26°C के साथ यूपी में सबसे गर्म रहा। आज और कल बारिश के आसार बने हैं। बरेली और गोरखपुर में आज सुबह से कोहरा छाया है। बरेली में हल्का तो गोरखपुर में कोहरा घना है। गोरखपुर में सुबह साढ़े 10 बजे तक धूप नहीं निकली।

21 शहरों का तापमान 10°C से नीचे
शुक्रवार से पूरे यूपी में सर्द हवाएं चल रही हैं। इसकी वजह से यूपी में ठंड का पारा 10°C से भी नीचे आ गया है। प्रदेश के 19 जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से भी नीचे रहा। मुजफ्फरनगर, नजीबाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, शाहजहांपुर, आगरा, इटावा, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, झांसी, उरई, हमीरपुर, फतेहपुर, फुर्सतगंज, सुल्तानपुर, बस्ती, वाराणसी, प्रयागराज का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।

आज और कल छाएंगे घने बादल
कानपुर में CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, आज और कल बारिश के पूरे आसार बने हैं। आज और कल घने बादल छाएंगे। वहीं प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। कहीं बारिश तेज हो सकती है।

लखनऊ, कानपुर में सुबह कोहरा रहा
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, आज और कल बारिश के आसार हैं। इसको लेकर विभाग ने चेतावनी भी जारी की है। वहीं कानपुर में शनिवार रात से ही कोहरा छाया है। करीब 12 दिनों बाद कानपुर में रात से घना कोहरा छाया है। लखनऊ में भी रविवार सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रहा।