भारी बारिश के चलते सिक्किम और बंगाल के बीच यातायात हुआ ठप
1 min read
अक्तूबर के शुरुआती सप्ताह में विदा होने वाला मानसून उत्तर भारत में सितम बरपा रहा है। नोरू चक्रवात की वजह से इसके पूरे महीने बने रहने की संभावना है। इस कारण हो रही बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर व उत्तर प्रदेश समेत अलग-अलग राज्यों में जलभराव की स्थिति बन गई हैं। वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा।
सिक्किम में भारी बारिश के चलते रविवार तड़के प्रदेश के कई जगह भूस्खलन हुए। जिससे गंगटोक और पश्चिम बंगाल के बीच सड़क संपर्क टूट गया। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पूर्वी सिक्किम में सिंगतम और रंगपो के बीच दो स्थानों 19 माइल और 20 माइल पर राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर बड़े-बड़े बोल्डर जाम हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि सिंगतम से गंगटोक की ओर जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन की वजह से मार्ग पर 32 मील के पास मलबा आने जाने की वजह से यातायात ठप हो गया। विभागीय अधिकारी ने बताया कि मलबे को साफ करने और यातायात के लिए रास्ता फिर से खोलने में एक पूरा दिन लग सकता है। सिलीगुड़ी जाने वाले यात्रियों को पश्चिम बंगाल की सीमा तक जाने के लिए सेंट्रल पेंडम या पकयोंग से होकर जाने वाली सड़कों का उपयोग करने के लिए कहा गया है।